पाकिस्‍तान मुस्लिम लीग-नवाज पार्टी के नेता शाहबाज शरीफ पाकिस्‍तान के 24वें प्रधानमंत्री होंगे

पाकिस्‍तान मुस्लिम लीग-नवाज पार्टी के नेता शाहबाज शरीफ पाकिस्‍तान के 24वें प्रधानमंत्री होंगे। नेशनल असेम्बली में शाहबाज शरीफ को दो सौ एक वोट मिले जबकि इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के उम्मीदवार उमर अयूब खान महज 92 वोट जुटा सके। यह मतदान भारी हंगामे के बीच हुआ। पाकिस्‍तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के समर्थक सांसदों ने इमरान खान की रिहाई की मांग करते हुए नारे लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शाहबाज शरीफ ने सत्ता हासिल करने के लिए चुनाव में धांधली की है।

पाकिस्तान में हाल ही में संपन्‍न आम चुनाव में बडे पैमाने पर वोटों की धांधली के आरोप लगे हैं। पाकिस्‍तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी का आरोप है कि उसके उम्‍मीदवारों को सबसे अधिक वोट मिलने के बावजूद पाकिस्‍तान मुस्लिम लीग-नवाज और पाकिस्‍तान पीपल्‍स पार्टी के कई उम्‍मीदवारों को विजेता घोषित किया गया।

Related posts

Leave a Comment