मौसम विभाग ने बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मेघालय में रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में तेज से बहुत तेज वर्षा होने की आशंका को देखते हुए ऐसा किया गया है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रेड अलर्ट कल भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में कल अत्यधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में कल अत्यधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी तेज से बहुत तेज वर्षा की संभावना है। अगले चार दिन के दौरान पूर्वी राजस्थान और 15 तथा 16 जुलाई को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर भारी वर्षा होने की भी संभावना है।
विभाग ने पश्चिमोत्तर भारत में वर्षा में कमी का अनुमान व्यक्त किया है। हालांकि, अगले पांच दिनों के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है। मध्य और प्रायद्वीपीय भारत में 14 जुलाई तक वर्षा की स्थिति सामान्य रहेगी और 15 से 16 जुलाई तक हल्की रहने तथा उसके बाद बढ़ने की संभावना है।
अगले दो दिनों में अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल उप-हिमालयी क्षेत्र तथा सिक्किम में भी अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को जलभराव और कमजोर ढांचे वाले क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है।
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी
राष्ट्रीय राजधानी में कल आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में वर्षा और हिमाचल प्रदेश तथा हरियाणा से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना नदी का जलस्तर 207.71 मीटर पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि यह अब तक का सबसे अधिक जल स्तर है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि इस संबंध में गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा गया है। मुख्यमंत्री ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से घर खाली करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
