निर्वाचन आयोग ने लोकसभा की तीन सीटों के उपचुनाव की आज घोषणा की। मध्यप्रदेश में खंडवा, हिमाचल प्रदेश में मंडी और दादरा नगर हवेली सीट के लिए 30 अक्टूबर को मतदान कराया जायेगा। आयोग ने 14 राज्यों की 30 विधानसभा सीटों के उपचुनावों की भी घोषणा की है। असम की पांच, पश्चिम बंगाल की चार, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मेघालय की तीन-तीन, राजस्थान, बिहार और कर्नाटक की दो-दो, आन्ध्रप्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम, नगालैंड और तेलंगाना की एक-एक सीट पर मतदान होगा।
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में भवानीपुर सीट के उपचुनाव के प्रचार के दौरान अपने नेता दिलीप घोष पर कथित हमले को लेकर आज चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज की। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि आयोग ने इस मामले में राज्य सरकार से वह रिपोर्ट मांगी है जिसमें कहा गया है कि आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। भूपेंद्र यादव ने कहा कि गिरफ्तारी ही साबित करती है कि हमला हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हाथ है।