चक्रवात मिचौंग चेन्नई तट से 110 किलोमीटर की दूरी पर है और यह 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से आगे बढ़ रहा है। क्षेत्रीय मौसम विभाग के उप-महानिदेशक ने कहा कि इस तूफान की उत्तर-पश्चिम की ओर बढ कर तीव्र होने की संभावना है। इस तूफान की आज पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के दक्षिण आंध्र प्रदेश और इससे सटे तमिलनाडु के उत्तरी तटों पर पहुंचने की संभावना है। इस तूफान के 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और बाद में 110 किलोमीटर अधिकतम प्रति घंटे की गति से बढकर आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है।
तमिलनाडु के चेन्नई, चेंगलपेट और तिरूवल्लूर जिलों में बहुत तेज बारिश हो रही है। प्रत्येक निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है और जल-भराव हो रहा हैं। सोशल मीडिया नहरों, टंकियों और तालाबों के भर जाने जैसे सभी प्रकार के वीडियो से भरे पड़े हैं। ओएमआर, राष्ट्रीय राजमार्ग और पल्लीकरनाई जैसी मुख्य सड़कों पर यातायात आंशिक रूप से बंद है। चेन्नई हवाई अड्डा, रेल और मेट्रो सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। खतरों को टालने के लिए अधिकतर स्थानों पर बिजली आपूर्ति रोक दी गई है।
सामान्य जन-जीवन बाधित हुआ है। चेन्नई में आम जन-जीवन ठहर सा गया है। चेन्नईवासियों को दिसम्बर 2015 की बारिश की पुनरावृत्ति की आशंका सता रही है। चेन्नई को जलापूर्ति करने वाले जलाशय भर कर पानी बाहर प्रवाहित हो रहा है। शहर के भीतर की झीलें और टंकियां भी भर जाने से पानी बाहर प्रवाहित हो रहा है। जिला प्रशासन पूरी तरह स्थिति की निगरानी कर रहा है और जिला नियंत्रण कक्षों के साथ आपात बैठकें कर रहा है। राज्य निगरानी केन्द्र सतर्क है।