गृह मंत्रालय ने झारखंड के देवघर जिले में हुई रोपवे दुर्घटना को देखते हुए परामर्श जारी किया है। मंत्रालय ने भविष्य में ऐसी किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए रोपवे परिचालन पर विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया तथा आकस्मिक योजना बनाने की आवश्यकता पर बल दिया है।
केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने इस संबंध में सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि रोपवे परियोजनाओं का संचालन और इनके अनुरक्षण का कार्य पूरी निष्ठा से किया जाना चाहिए। अजय कुमार भल्ला ने कहा कि राज्य सरकारों को प्रत्येक रोपवे परियोजना की सुरक्षा ऑडिट के लिए अनुभवी और योग्य फर्म की नियुक्ति करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रोपवे परियोजना के लिए अनुरक्षण नियमावली तैयार की जानी चाहिए।
गृह सचिव ने देवघर में बचाव अभियान के दौरान भारतीय वायुसेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, भारतीय सेना और भारत तिब्बत सीमा पुलिस तथा स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।