नौसेना और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने संयुक्त अभियान में, केरल तट पर एक जहाज से लगभग दो हजार पांच सौ किलोग्राम मादक पदार्थ-मेथमफेटामाइन जब्त किया है। यह ऑपरेशन समुद्रगुप्त का हिस्सा है। जब्त किए गए मादक पदार्थ का मूल्य 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। मूल्य के हिसाब से यह किसी भी भारतीय एजेंसी की अब तक सबसे बडी बरामदगी है।
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के उपमहानिदेशक संजय कुमार सिंह ने कोच्चि में कहा कि इस सिलसिले में एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया गया है। संभवत: यह मादक पदार्थ पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान से आया था।