केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज सिंगापुर के उप प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की। धर्मेंद्र प्रधान तीन दिन के सिंगापुर दौरे पर है। उन्होंने भारत और सिंगापुर के बीच सहयोग सुदृढ करने और कौशल विकास के साथ-साथ तकनीकी तथा व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंध बढाने पर चर्चा की। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि दोनों देशों के भविष्य में असीमित अवसर है। दोनों नेताओं ने भारत-सिंगापुर रणनीतिक साझेदारी की दिशा में लाभ के लिए एक साथ काम करने, भविष्य के लिए कार्यबल का निर्माण करने तथा ज्ञान और कौशल विकास को आधार बनाने पर सहमति दी।
धर्मेंद्र प्रधान ने सिंगापुर के व्यापार और उद्योग मंत्री गन किम योंग से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण संबंधों को मजबूत करने पर वार्ता की। जी20 फ्यूचर ऑफ वर्क वर्कशॉप पर भुवनेश्वर में हुई बैठक के परिणामों के आधार पर दोनों देशों ने सहमति व्यक्त करते हुए माना कि आम चुनौतियों का समाधान करने और भारतीय कौशल पारिस्थितिकी तंत्र के लिए सिंगापुर की विशेषज्ञता का लाभ उठाया जा सकता है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उन्होंने कार्यबल के प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर में अपनाई जा रही नीतियों और मॉडलों का व्यापक अवलोकन किया। धर्मेंद्र प्रधान ने सिंगापुर में एक स्कूल का दौरा किया तथा छात्रों और शिक्षकों के साथ शिक्षण के माहौल के बारे में विचार-विमर्श किया।