उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों मे ठंड और घने कोहरे के कारण सामान्य जन-जीवन प्रभावित हुआ है। बुधवार को वर्षा के कारण राज्य के लखनऊ, कानपुर, झांसी, प्रतापगढ़ और हमीरपुर सहित कई जिलों में तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस गिर गया है।
लखनऊ और मऊ जिलों के आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूल छह जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। इन जिलों के स्कूलों में नौवीं से बारहवीं तक की कक्षाएं दस से तीन बजे तक लगेंगी। सम्भल जिले में भी आठवीं तक के स्कूल सात जनवरी तक और हापुड़ में 14 जनवरी तक बंद रहेंगे।
लखनऊ के जिला मैजिस्ट्रेट ने शीत लहर के कारण स्कूलों में बच्चों के लिए वर्दी की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विभाग के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार आज बुन्देलखंड और मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आज समूचे उत्तर प्रदेश में शीत लहर और घने कोहरे की भविष्यवाणी की है।