मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तरी अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों पर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम की ओर बढ़ गया है और कल सुबह बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्वी हिस्से तक पहुंच जाएगा। यह पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और कल इसके दक्षिणी आंध्रप्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु तक पहुंचने की संभावना है।
इसके कारण चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और रानीपेट जिलों में कल के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। सभी तटवर्ती जिलों में लगातार भारी बारिश के बाद राज्य सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है। एक सप्ताह तक लगातार बारिश के बाद सरकार की तरफ से युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। साथ ही दक्षिण-आंध्रप्रदेश दूर-दराज के इलाकों और तमिलनाडु के उत्तरी तटवर्ती हिस्सों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की आशंका है। मछुआरों को आज और कल समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।