ईरान में हिजाब नियमों का उल्लंधन करने के कारण पुलिस द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने से एक 22 वर्षीय लड़की की मौत को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
पुलिस की पिटाई के कारण युवती महसा अमिनी कोमा में चली गई थी और बाद में शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोगों ने बडे पैमाने पर नाराजगी जताई जिसके बाद कई जगहों पर उग्र प्रदर्शन शुरू हो गए।
प्रदर्शनकारी तेहरान विश्वविद्यालय के पास जमा हो गए और उन्होंने “नारी, जीवन, स्वतंत्रता” जैसे नारे लगाए। कई महिलाओं को विरोध में अपने हिजाब हटाते देखा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि महसा अमिनी को पुलिस वैन में पीटा गया था जबकि पुलिस का कहना है कि युवती को दिल की बीमारी थी।
महसा अमिनी को महिलाओं के ड्रेस कोड का उल्लंघन करने के आरोप में उस समय गिरफ्तार किया गया था जब वह पश्चिमी कुर्दिस्तान प्रांत से अपने परिवार के साथ अपने रिश्तेदारों से मिलने तेहरान जा रही थी।
ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने महिलाओं के ड्रेस कोड को सख्ती से लागू करने और इसका उल्लंघन करने वालों के लिए कठोर दंड का आदेश दे रखा है।