ईरान में कट्टरपंथी इब्राहिम रियासी ने राष्ट्रपति चुनाव में जबरदस्त जीत दर्ज की है। कल हुए राष्ट्रपति चुनाव में चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। चुनाव में रिकॉर्ड न्यूनतम 48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। गृह मंत्रालय के अधिकारी जमाल ओर्फी ने बताया कि चुनाव में दो करोड़ 86 लाख मत पड़े और इनमें से तकरीबन 90 प्रतिशत की गिनती हो चुकी है। इब्राहिम रियासी को एक करोड़ 78 लाख मत मिले हैं।
ईरान के निवर्तमान राष्ट्रपति हसन रोहानी ने इब्राहिम रियासी को उनके कार्यालय जाकर बधाई दी है। ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जावेद जरीफ ने कहा है कि इब्राहिम रियासी ईरान का बेहतर नेतृत्व करेंगे। हसन रोहानी ने कहा है कि अगले 45 दिन के दौरान नई सरकार के कार्यभार लेने तक वह निर्वाचित राष्ट्रपति इब्राहिम रियासी के साथ पूरा सहयोग करेंगे।