इंडोनेशिया की विदेश मंत्री रेत्नो मार्सुदी ने कहा है कि उनका देश दक्षिण चीन सागर को लेकर आचार-संहिता को अंतिम रूप देने के लिए अन्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ काम करने को तैयार है। दक्षिण चीन सागर में चीन के दावों पर कई देशों ने प्रतिदावा किया है। सुश्री रेत्नो ने मनीला में फिलीपींस के विदेश मंत्री एनरिक मानेलो के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इंडोनेशिया जितनी जल्दी संभव हो आचार संहिता को अंतिम रूप देने के लिये फिलीपिंस सहित दक्षिणपूर्व एशियाई देशों के साथ सहयोग करने को तैयार है।
चीन ने अपने मानचित्र में अपनी मुख्य भूमि से डेढ़ हज़ार किलोमीटर दक्षिण के क्षेत्र पर अपना दावा किया है। इसके तहत ब्रूनेई, इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस और वियतनाम के विशेष आर्थिक क्षेत्र आते हैं। वर्ष 2016 में अंतर्राष्ट्रीय मध्यस्थता अधिकरण ने चीन के अधिकांश दावों को गलत बतलाया है, लेकिन चीन ने इस पर आपत्ति की है।