आज राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस है। यह दिन मशहूर डॉक्टर और पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में मनाया जाता है। उनका जन्म पहली जुलाई 1882 को हुआ था और आज के ही दिन वर्ष 1962 में उनकी मृत्यु हुई थी। डॉ. रॉय एक राजनेता और स्वतंत्रता सेनानी के साथ शिक्षा के प्रबल समर्थक भी थे।
चिकित्सक दिवस का आयोजन समाज की भलाई के लिए स्वास्थ्य सेवा के प्रति चिकित्सकों के समर्पण तथा उनके योगदान के सम्मान-स्वरूप किया जाता है। डॉक्टर समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। कोविड काल के असमंजस भरे दौर में भी भारतीय चिकित्सकों ने अपनी जिम्मेदारियों को पूरा किया और वैज्ञानिकों की मदद से स्वदेशी रूप से तैयार किए गए टीकों और उपयुक्त दवाओं के माध्यम से कोविड महामारी पर नियंत्रण पाने में सफल रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘चिकित्सक दिवस’ के अवसर पर समस्त चिकित्सक समुदाय के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘चिकित्सक दिवस’ के अवसर पर समस्त चिकित्सक समुदाय के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया: “#DoctorsDay के अवसर पर, मैं समस्त चिकित्सक समुदाय के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। अत्यंत अभूतपूर्व समय में भी, चिकित्सकों ने उच्चतम स्तर के साहस, निस्वार्थता और दृढ़ता का उदाहरण पेश किया है। उनका समर्पण उपचार से परे है, यह हमारे समाज को आशा और शक्ति देता है।”