अखबारों ने इस्राइल में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन अजय का जिक्र करते हुए 250 भारतीयों को लेकर पहले चार्टर विमान के आज सुबह भारत पहुंचने की खबर को अहमियत दी है। विदेश मंत्रालय के 24 घंटे हेल्प लाइन सेवा और दिनरात काम करने तथा व्यवस्था बनाने को अमर उजाला ने अहमियत दी है। देशबंधु लिखता है कि इस्राइल में 18 हजार भारतीय मौजूद, जनसत्ता की पहली सुर्खी है इस्राइल से घर वापसी शुरू।
हिन्दुस्तान अपने वैचारिक आलेख में आकलन के साथ लिखता है – लड़ाई से अर्थव्यवस्था पर गहरा प्रभाव होने की आशंका।
राष्ट्रीय सहारा, हरिभूमि और हिंदुस्तान की सु्र्खी है- सुरक्षा खतरों के आकलन के बाद, विदेशमंत्री जयशंकर की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला।
जनसत्ता, अमर उजाला और राजस्थान पत्रिका ने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड में आदिकैलाश के दर्शन और ध्यान लगाते चित्र पहले पन्ने पर दिए हैं। राष्ट्रीय सहारा ने लिखा है- उत्तराखंड में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन, 23 परियोजनाएं आधारभूत ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आपदा प्रबंधन और खेलों को बढ़ावा देने से संबंधित।
लद्दाख में 15 हजार पांच सौ फीट की ऊंचाई पर, दुनिया की सबसे ऊंची अग्रिम चौकियों पर संचार स्टेशन लगाए जाने को दैनिक भास्कर और देशंबधु ने पहले पन्ने पर दिया है।
अमर उजाला कि खबर है दशकों से लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया जल्द शुरू करेगी शीर्ष अदालत।
1991 बैच के राजस्थान क़ॉडर के आईपीएस अधिकारी डीपी जैन को सीबीआई का विशेष निदेशक नियुक्त किये जाने की खबर को राजस्थान पत्रिका ने अहमियत दी है।
रिटायरमैंट पेंशन मामले पर, उच्चतम न्यायालय की यह टिप्पणी दैनिक भास्कर के मुख पृ्ष्ठ पर है कि पेंशन, ईनाम या अहसान नहीं बल्कि लंबी सेवा के बाद, दी जाने वाली मदद है।
बाटला हाउस मामले में दोषी आरिज खान की मौत की सजा कम कर आजीवन कारावास में बदलने की चर्चा भी अखबारों ने पहले पन्ने पर दी है।