भारत सहित विश्व के कई देशों में आज आंशिक सूर्य ग्रहण देखा जा सकेगा। देश में पूर्वोत्तर को छोड़कर कई भागों में लोग शाम चार बजकर 29 मिनट से लेकर शाम पांच बजकर 42 मिनट तक सूर्यास्त होने तक सूर्य ग्रहण देख सकेंगे। भारत में जिन शहरों में सूर्य ग्रहण देखा जा सकेगा, उनमें गुजरात में द्वारका, अहमदाबाद, सूरत, दिल्ली, मुंबई, पुणे, जयपुर, ठाणे, भोपाल, लुधियाना, चंडीगढ़, उज्जैन, मथुरा आदि शामिल हैं।
आंशिक सूर्य ग्रहण में चन्द्रमा सूर्य को पूरी तरह से ढक नहीं पाता है। जिससे सूर्य का दृश्य भाग अर्धचंद्राकार रूप में दिखाई देता है। सूर्य को सीधे देखने से आंखों पर हानिकारक प्रभाव पड़ सकता है या आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है। भारतीय ज्योतिर्विज्ञान परिषद ने कुछ सावधानियां बरतने पर जोर दिया है। सूर्य के बिना ग्रहण वाले हिस्से को, विशेष रूप से टेलीस्कोप द्वारा या अचानक देखने से आंखों को स्थायी रूप से नुकसान पहुंच सकता है। ग्रहण देखने का सबसे सही तरीका छोटी दूरबीन का इस्तेमाल करना है। इसके लिए अच्छी गुणवत्ता वाले “एक्लिप्स गॉगल्स” का भी उपयोग किया जा सकता है। ग्रहण देखने के एक अन्य प्रभावी तरीके में दूरबीन के सामने मायलर शीट या व्यावसायिक रूप से उपलब्ध सोलर फिल्टर लगाना शामिल है। ग्रहण प्रकृति की सबसे विस्मयकारी घटनाओं में से एक है। विश्वभर में लोग दीपावली के ठीक बाद सूर्यग्रहण को देखने के लिए उत्साहित हैं।