अमेरिकी संसद के दोनों सदनों ने सरकारी कामकाज के लिए सरकार को धन उपलब्ध कराने पर सहमति व्यक्त की है जिसके कारण सरकारी कामकाज के ठप्प पड़ जाने की आशंका टल गई है। दोनों सदनों में सहमति के कारण अब 17 नवंबर तक के सरकारी कामकाज के लिए सरकार को धन उपलब्ध हो सकेगा। हालांकि, इसमें यूक्रेन को दी जाने वाली सहायता के लिए कोई धन स्वीकृत नहीं किया गया है।
रिपब्लिक पार्टी के स्पीकर केविन मैकार्थी ने अपनी ही पार्टी में विरोध के बावजूद यह प्रस्ताव पेश किया था। डेमोक्रेट सांसदों ने इसका समर्थन किया। नब्बे रिपब्लिकन सांसदों ने प्रस्ताव के विरोध में मतदान किया।
शटडाउन की स्थिति में, अमेरिका में रविवार मध्य रात्रि से लाखों सरकारी कर्मियों की तनख़्वाह रुक जाती और कई सरकारी कार्यों को स्थगित करना पड़ता।