अफगानिस्तान से अब तक 228 भारतीय नागरिक समेत कुल छह सौ 26 लोग वापस लाये जा चुके हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज नई दिल्ली में मीडिया को बताया कि अब तक 77 सिखों को भी वापस लाया गया है। उन्होंने इस बचाव अभियान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
हरदीप सिंह पुरी ने आज सुबह दिल्ली हवाई अडडे पर काबुल से लाई गई गुरू ग्रंथ साहिब की पावन प्रति को ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक यादगार और भावुक अनुभव रहा। हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि गुरू नानक देव स्त्री-पुरूष समानता पर विश्वास करने वाले व्यक्ति थे। वह प्रथम पर्यावरणविद भी थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अफगानिस्तान से लोगों को सुरक्षित लाने के अभियान का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा सताए हुए अल्पसंख्यकों की मदद करता रहेगा।