भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कश्मीर और पाकिस्तान पर पंजाब के कांग्रेसी नेताओं की टिप्पणी की आलोचना की है। एक टवीट में जेपी नड्डा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व से मांग की है कि वह स्पष्ट करे कि वह इस बयान का समर्थन करता है या नहीं ? उन्होंने कहा कि इस मामले में कांग्रेस की चुप्पी को उसका समर्थन माना जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कश्मीर को लेकर पंजाब के कांग्रेसी नेताओं ने जो टिप्पणी की है वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ये वे नेता हैं जिन्हें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और हाईकमान का संरक्षण मिला हुआ है। जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के बार-बार दिए जाने वाले गैर-जिम्मेदाराना बयान से राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है।
बाद में इस मामले में मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मालविंदर सिंह माली और प्यारेलाल गर्ग की ओर से की गई इस तरह की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इस मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपना और पार्टी का रूख स्पष्ट करने को कहा।