सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर दिल्ली के जहांगीरपुरी में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश एन.वी. रमणा कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता दुष्यंत दवे ने याचिका में जहांगीरपुरी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को असंवैधानिक और अनधिकृत बताया है। जहांगीरपुरी में हाल ही में हिंसा हुई थी। एन.वी. रमणा ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया। इस मामले की अगली सुनवाई कल होगी।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने आज जहांगीरपुरी इलाके में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान कानून और व्यवस्था बनाये रखने के लिए दिल्ली पुलिस के जवानों की तैनाती की गई। निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि पूरे शहर में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने इस अभियान की योजना भी बनाई थी और इसके लिए सुरक्षा की थी लेकिन कुछ कारणों की वजह से यह कार्रवाई नहीं की जा सकी। इस बीच विशेष पुलिस आयुक्त दीपेन्द्र पाठक ने जहांगीरपुरी में हाल ही में हुई हिंसा की स्थिति का जायजा लिया।
