उच्चतम न्यायालय की संविधान पीठों की कार्यवाही का आज से सीधा प्रसारण होगा। इसे उच्चतम न्यायालय के प्लेटफॉर्म वेबकास्ट डॉट जी.ओ.वी. डॉट आई. एन./एस.सी. इंडिया पर देखा जा सकता है। आज तीन संविधान पीठों की सुनवाई चलेगी, जिनमें प्रवेश और रोजगार में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए दस प्रतिशत कोटा मंजूर करने के केन्द्र के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं के अलावा महाराष्ट्र के राजनीतिक संकट और दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं पर नियंत्रण से संबंधित याचिकाओं की सुनवाई होगी। भारत के प्रधान न्यायाधीश उदय उमेश ललित की अध्यक्षता में पांच न्यायाधीशों की पीठ दस प्रतिशत आरक्षण को चुनौती देने वाली याचिकाओं की सुनवाई करेगी। न्यायमूर्ति डी.वाई. चंद्रचूड के नेतृत्व वाली पीठ महाराष्ट्र के राजनीतिक संकट के मुद्दे पर उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुट की याचिकाओं की सुनवाई करेगी, जबकि न्यायमूर्ति संजय किशन कौल की पीठ दिल्ली में प्रशासनिक सेवा नियंत्रण के मुद्दे पर दिल्ली सरकार की याचिका की सुनवाई करेगी।
सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठों की कार्यवाही का आज से सीधा प्रसारण होगा