सीमा सुरक्षा बल ने सोमवार को 88 बंगलादेशी मछुआरों को मछली पकड़ने की दो नौकाओं के साथ बॉर्डर गार्ड बंगलादेश को सौंप दिया। इससे पहले इन मछुआरों को सौंपने की सारी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
बंगलादेशी मछुआरों को इस साल फरवरी में भारतीय तटरक्षक ने बंगाधुनी द्वीप के पास भारतीय जल सीमा में अवैध रूप से मछली पकड़ते हुए गिरफ्तार किया था। इन मछुआरों को पश्चिम बंगाल के दक्षिण चौबीस परगना के फारसगंज में समुद्री पुलिस को सौंप दिया गया था। मछुआरों और उनकी दो नौकाओं शाह अमानत और सोनार मदीना को बंगलादेश बॉर्डर गार्डस की नीलदुमुर बटालियन को सौंपा गया। मछुआरों को सौंपने की यह प्रक्रिया भारत-बंगलादेश सीमा पर कालिंदी नदी के बीच में बनी काईखाली सीमा चौकी इलाके में हुई। इस अवसर पर बॉर्डर गार्ड बंगलादेश और सीमा सुरक्षा बल तथा पुलिस अधिकारी और कॉक्स बाजार इलाके के जन प्रतिनिधि मौजूद थे।