सरकार की सभी राजनीतिक दलों के सदन नेताओं के साथ यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। यह बैठक संसद का मानसून सत्र 2023 शुरू होने से एक दिन पहले हुई। बैठक की शुरुआत करते हुये केन्द्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि संसद का मानसून सत्र बृहस्पतिवार 20 जुलाई 2023 को शुरू होगा और सरकारी कामकाज की आवश्यकता को देखते हुये शुक्रवार 11 अगस्त 2023 को समाप्त हो सकता है। सत्र 23 दिन चलेगा जिसमें 17 बैठकें होंगी। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान अस्थायी तौर पर 31 विधायी कार्यों की पहचान की गई है, जिन्हें आगे बढ़ाया जायेगा।
केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सरकार सदन में संबंधित पीठासीन अधिकारी द्वारा कार्यवाही नियमों के तहत अनुमति दिये जाने पर किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिये हर समय तैयार है। उन्होंने सभी दलों के नेताओं से संसद के दोनों सदनों में कामकाज सुचारू ढंग से चलाने में उनके सक्रिय सहयोग और समर्थन का आग्रह किया। बैठक में केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी उपस्थित थे। पीयूष गोयल राज्य सभा के नेता सदन भी हैं। विधि और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), संसदीय कार्य राज्य मंत्री और संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और संसदीय कार्य राज्य मंत्री और विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन भी बैठक में उपस्थित थे।
संसद के दोनों सदनों के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा उठाये गये मुद्दों को सुनने के बाद बैठक का समापन करते हुये रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी नेताओं का बैठक में उनकी सक्रिय और प्रभावी भागीदारी तथा सार्वजनिक महत्व के मुद्दों को उठाने के लिये धन्यवाद किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार मणिपुर की स्थिति सहित सार्वजनिक महत्व के सभी मुद्दों पर चर्चा के लिये तैयार है।
कुल मिलाकर 34 राजनीतिक दलों के 49 नेताओं ने बैठक में भाग लिया।
संसद के मानसून सत्र 2023 में लाये जाने वाले विधेयकों की सूची —
दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सरकार (संशोधन) विधेयक 2023
(अध्यादेश के स्थान पर लाया जायेगा)
सिनेमेटोग्राफ (संशोधन) विधेयक 2019
डीएनए प्रौद्योगिकी (उपयोग और अनुप्रयोग) नियमन विधेयक 2019
मध्यस्थता विधेयक, 2021
जैव विविधता (संशोधन) विधेयक, 2022
बहु राज्यीय सहकारी समितियां (संशोधन) विधेयक, 2022
निरसन और संशोधन विधेयक, 2022
जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) विधेयक, 2023
वन (संरक्षण) संशोधन विधेयक, 2023
संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (तीसरा संशोधन) विधेयक, 2022 (हिमाचल प्रदेश राज्य के संबंध में)
संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (पांचवां संशोधन) विधेयक, 2022 (छत्तीसगढ़ राज्य के संबंध में)
डाक सेवा विधेयक, 2023
राष्ट्रीय सहकारी विश्वविद्यालय विधेयक, 2023
प्राचीन स्मारक और पुरात्व स्थल और अवशेष (संशोधन) विधेयक, 2023
डिजिटल व्यक्तिगत डेटा सुरक्षा विधेयक, 2023
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और बैंक विधेयक, 2023
तात्कालिक कर संग्रह विधेयक, 2023
राष्ट्रीय दंत आयोग विधेयक, 2023
राष्ट्रीय परिचर्या और प्रसूति विद्या आयोग विधेयक, 2023
औषधि, चिकित्सा उपकरण और सौंदर्य प्रसाधन विधेयक, 2023
जन्म और मृत्यू पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2023
जम्मू और कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2023
सिनेमेटोग्राफ (संशोधन) विधेयक, 2023
प्रेस और पत्रिका पंजीकरण विधेयक, 2023
अधिवक्ता (संशोधन) विधेयक, 2023
खान और खनिज (विकास और नियमन) संशोधन विधेयक, 2023
रेल (संशोधन) विधेयक, 2023
राष्ट्रीय अनुसंधान न्यास विधेयक, 2023
संविधान (जम्मू और कश्मीर) अनुसूचित जाति आदेश (संशोधन) विधेयक, 2023
संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश (संशोधन) विधेयक, 2023
संविधान (जम्मू और कश्मीर) अनुसूचित जनजाति आदेश (संशोधन) विधेयक, 2023.