केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि जनजातीय विद्यार्थियों के विकास के लिए देशभर में 740 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बनाए जाएंगे। अर्जुन मुंडा संथाली भाषा को संविधान में मान्यता मिलने की वर्षगांठ के अवसर पर पश्चिम बंगाल में झारग्राम के बेटकुंदरी मैदान में एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनजातीय मामलों के मंत्रालय ने इस दिशा में काम करना पहले ही शुरू कर दिया है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में छठी से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। देशभर में एकलव्य मॉडल विद्यालयों में दस हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए जल्दी ही विज्ञापन दिए जाएंगे। इस समय देशभर में करीब 200 ऐसे विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।