संसद के दोनों सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

संसद के दोनों सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

संसद के दोनों सदन कल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिए गए। संविधान (128वां संशोधन) विधेयक, 2023 पारित होने के बाद राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया। महिला आरक्षण विधेयक में लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में कुल सीटों में से एक तिहाई महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है।

बाद में चंद्रयान-3 मिशन की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में देश की अन्य उपलब्धियों पर इसरो वैज्ञानिकों को बधाई देने का प्रस्ताव पारित होने के बाद लोकसभा भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इस विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में विधायी कामकाज के बारे में लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन में चार बैठकें हुई। इस दौरान सांसदों ने 31 घंटे विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि संविधान सभा से लेकर 75 वर्ष की संसदीय यात्रा- उपलब्धियां, अनुभव, यादें और सीख पर चर्चा में 36 सांसद शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा में 60 सांसद शामिल हुए। चर्चा लगभग 10 घंटे तक चली। चंद्रयान-3 मिशन की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में देश की अन्य उपलब्धियों पर चर्चा में 87 सांसदों ने भाग लिया।

संसद का विशेष सत्र 18 सितंबर को शुरू हुआ और निर्धारित तिथि 22 सितंबर से एक दिन पहले ही सम्‍पन्‍न हो गया। यह सत्र 19 सितंबर को संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही को नए संसद भवन में स्थानांतरित करने और नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करने जैसे ऐतिहासिक फैसलों के लिए याद किया जाएगा।

Related posts

Leave a Comment