संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आज गजा में तत्काल युद्ध विराम को लेकर नये मसौदा प्रस्ताव पर मतदान होगा। उम्मीद है कि नये प्रस्ताव में पवित्र रमजान महीने में तत्काल संघर्ष विराम की मांग की जाएगी। इससे पहले, शुक्रवार को रूस और चीन ने अमरीका द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर वीटो किया था। रूस और चीन का कहना है कि ये दस्तावेज राजनीतिक है और इसमें रफा में जारी इजराइल के सैन्य अभियान के विरोध का स्पष्ट तौर पर जिक्र नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतरेस ने आज जॉर्डन में एक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि यह प्रस्ताव संघर्ष विराम को गजा में इजराइली बंधकों को छोडने से संबंधित नहीं है। पिछले प्रस्ताव पर वीटो का यह भी एक कारण था।
पिछले वर्ष सात अक्टूबर को इजराइल पर हमले के बाद से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, इजराइल- हमास युद्ध में दो भागों में विभाजित हो गया है। पेश किए गए आठ प्रस्तावो में से अब तक केवल दो प्रस्ताव ही पास हो सके हैं। ये दोनों प्रस्ताव गजा पट्टी पर मानवीय सहायता उपलब्ध कराने से संबंधित थे।