संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77-वें सत्र के अध्यक्ष साबा कोरोसी – Csaba Korosi आज तीन दिन के दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं। पिछले वर्ष सितम्बर में पदभार ग्रहण करने के बाद किसी देश की उनकी यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है। यात्रा के दौरान साबा कोरोसी विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर के साथ आपसी हित के प्रमुख बहुपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं तय की हैं। इनमें संयुक्त राष्ट्र घोषणा पत्र के मूल सिद्धांतों पर दृढ रहना और संस्था के सतत रूपांतरण में स्पष्ट प्रगति हासिल करना, निर्णय प्रक्रिया में विज्ञान की भूमिका को बढाना और वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए भाई-चारे को प्रोत्साहित करना शामिल हैं।
जल प्रबंधन में भारत की दक्षता और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में उसके अनुभव को देखते हुए साबा कोरोसी नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा भारत के जी-ट्वंटी अध्यक्षीय दल के साथ भी चर्चा करेंगे। वे कल वैश्चिक मामलों की भारतीय परिषद् को संबोधित करेंगे। साबा कोरोसी आज बीटिंग रिट्रीट में भी शामिल होंगे। वे कल शहीद दिवस पर राजघाट में महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे।