संयुक्त राष्ट्र ने गजा क्षेत्र में अस्पताल पर हमले में सैकड़ों नागरिकों के मारे में जाने पर दुख व्यक्त किया है और इसकी निंदा की है। विश्व संस्था ने कहा है कि अस्पतालों या नागरिक सुविधाओं पर हमले करना अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानून के खिलाफ है। संयुक्त राष्ट्र ने इन हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता भी जताई है।
इससे पहले, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने एक प्रस्ताव पर मतदान कराने का कार्यक्रम भी तय किया है। प्रस्ताव में शुरू में इज़राइल पर हमास के आतंकी हमले की निंदा की गई थी। इसमें नागरिकों के खिलाफ सभी प्रकार की हिंसा और गजा क्षेत्र में लाखों लोगों तक मानवीय सहायता पर रोक लगाने पर चिंता भी प्रकट की गई थी।
इस बीच, हिंसा रोकने के लिए ब्राजील द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव के मसौदे पर बातचीत की जा रही है और इस पर अंतिम मतदान कराया जाना अभी बाकी है। परन्तु सुरक्षा परिषद ने रूस के उस प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया, जिसमें नागरिकों के खिलाफ हिंसा और आतंकवाद की निंदा की गई थी। लेकिन हमास के अचानक हमले के बारे में कोई उल्लेख नहीं था।