महिला पहलवान विनेश फोगाट ने अगले महीने चीन के हांगझोउ में होने वाले एशियाई खेलों से अपना नाम वापस ले लिया है। विनेश ने आज इसकी घोषणा करते हुए बताया कि घुटने की चोट के कारण वह एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं ले सकेंगी। इससे रिजर्व खिलाड़ी अंतिम पंघाल का टीम में शामिल होना लगभग तय हो गया है। जकार्ता एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली विनेश ने अपनी चोट का खुलासा करते हुए बताया कि 13 अगस्त को अभ्यास के दौरान उनके बाएं घुटने में चोट लग गई और 17 अगस्त को मुंबई में उसका ऑपरेशन किया जाएगा। इस चोट की वजह से वह अगले महीने विश्व चैंपियनशिप में भी भाग नहीं ले पाएगी।
यह ओलंपिक के लिए क्वालीफाइंग प्रतियोगिता भी है। विश्व चैंपियनशिप के लिए ट्रायल 25 और 26 अगस्त को पटियाला में होंगे। विनेश को एशियाई खेलों के लिए सीधा प्रवेश मिला था। जिसकी वजह से ट्रायल्स में महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में जीत दर्ज करने वाली अंतिम पंघाल को रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में रखा गया था। अब उन्हें विनेश की जगह टीम में शामिल किए जाने की पूरी सम्भावना है।