विदेश मंत्री डॉ. सु्ब्रहमण्‍यम जयशंकर कल से इस्राइल की पांच दिवसीय सरकारी यात्रा पर जाएंगे

विदेश मंत्री डॉ. सु्ब्रहमण्‍यम जयशंकर इस्राइल के विदेश मंत्री यैर लापिड के निमंत्रण पर कल से इस्राइल की पांच दिवसीय सरकारी यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्री के रूप में यह उनकी पहली इस्राइल यात्रा होगी। इस्राइल के विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। डॉ. जयशंकर, वहां के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और संसद के अध्‍यक्ष से भी मुलाकात करेंगे।

जुलाई 2017 में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की इस्राइल की ऐतिहासिक यात्रा के दौरान भारत और इस्राइल ने द्विपक्षीय संबंधों का दर्जा बढाकर रणनीतिक साझेदारी किया था। तब से, दोनों देशों के बीच संबंधों ने ज्ञान-आधारित साझेदारी का विस्तार करने पर ध्यान केंद्रित किया है, जिसमें नवाचार और अनुसंधान में सहयोग शामिल है जिसमें मेक इन इंडिया पहल को बढ़ावा देना भी शामिल है।

विदेश मंत्री, इस्राइल में भारतीय मूल के यहूदी समुदाय, भारतीय विद्वानों, इस्राइल के विश्वविद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे भारतीय छात्रों के साथ विचार विमर्श करेंगे। वे उच्‍च प्रौद्योगिकीय उद्योगों सहित व्यवसायी लोगों के साथ भी बातचीत करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह यात्रा उन बहादुर भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देने का भी अवसर होगा, जिन्होंने इस क्षेत्र में, विशेष रूप से प्रथम विश्व युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी थी।

Related posts

Leave a Comment