वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने असम के दीमा हसाओ जिले में 120 मेगावाट की लोवर कोपिली जल विद्युत परियोजना के लिए भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री हेमन्त बिस्वा सरमा भी इस अवसर पर मौजूद थे। निर्मला सीतारमण ने कहा कि केंद्र और असम सरकार दीमा हसाओ जिले के विकास के लिए संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना का 77 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार जबकि 23 प्रतिशत लागत राज्य सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री हेमन्त सरमा ने कहा कि राज्य सरकार दीमा हसाओ के समग्र विकास के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि इस जिले में शांति बनी हुई है। हमारे संवाददाता ने बताया कि दो हजार दो सौ करोड़ रुपये की परियोजना का मुख्य उद्देश्य असम के लिए 120 मेगावाट बिजली पैदा करना है। इस परियोजना से दीमा हसाओ और कार्बी आंगलोंग जिलों में सर्वांगीण विकास के साथ-साथ रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।