रूस में निजी सैन्य कंपनी वैगनर ने रूसी सैन्य नेतृत्व को तबाह करने की धमकी दी, पुतिन ने दिया गिरफ्तारी का आदेश

रूस में, निजी सैन्य कंपनी वैगनर ने रूसी सैन्य नेतृत्व को तबाह करने की धमकी दी है। वैगनर के प्रमुख येवजेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना द्वारा वैगनर के सैनिकों पर हमले का आरोप लगाया है। प्रिगोजिन ने कहा कि वैगनर के सैनिक यूक्रेन से रूस की सीमा में पहुंच गए हैं। एक ऑडियो संदेश में उन्होंने धमकी दी कि वैगनर सैनिकों के राह में बाधक बनने वाले हर किसी को दंडित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सैन्य नेतृत्व की आलोचना का अर्थ बगावत नहीं है।

इस बीच, रूस ने वैगनर प्रमुख पर सशस्त्र विद्रोह का आरोप लगाया है और उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। वैगनर प्रमुख की धमकी के बाद कई क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रूस की सुरक्षा सेवा ने येवजेनी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है और निजी सैन्य बलों को उनका आदेश नहीं मानने और उन्हें गिरफ्तार करने को कहा है।

खबरों के अनुसार, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए हैं ताकि सशस्त्र विद्रोह के किसी भी प्रयास का मुकाबला किया जा सके।

वैगनर प्रमुख और रूसी रक्षा विभाग के बीच लम्बे समय से तनातनी चली आ रही थी। इसे 16 महीने पहले यूक्रेन में सेना भेजने के बाद से पुतिन प्रशासन के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

Related posts

Leave a Comment