यूक्रेन के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर रूस के हवाई हमलों के बाद राजधानी कीव में बुनियादी सेवाएं अब बहाल की जा रही हैं। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि शहर के एक तिहाई हिस्से में बिजली नहीं है, लेकिन मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है और जलापूर्ति बहाल कर दी गई है।
यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि रूस ने शुक्रवार को 70 से अधिक मिसाइल दागे जो 24 फरवरी को शुरू हुए रूस के हमले के बाद से सबसे बड़े हमलों में से एक है। इस कारण पूरे देश में आपात ब्लैक आउट हो गया था। राष्ट्रपति वलोद्यमीर जे़लेंस्की ने एक वीडियो संबोधन में बताया कि यूक्रेन में पिछले 24 घंटों में लगभग 60 लाख आबादी की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।