रूस के राष्‍ट्रपति पुतिन ने निजी सैन्‍य गुट के प्रमुख प्रिगोजिन के विद्रोह को पीठ में छुरा घोंपने जैसा बताया

रूस के राष्‍ट्रपति पुतिन ने निजी सैन्‍य गुट के प्रमुख प्रिगोजिन के विद्रोह को पीठ में छुरा घोंपने जैसा बताया

रूस ने निजी सैन्‍य गुट वैगनर पर सशस्‍त्र विद्रोह का आरोप लगाते हुए इसके प्रमुख येवगेनी प्रिगोजिन को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने प्रिगोजिन के विद्रोह को पीठ में छुरा घोंपने जैसा बताया और इसके दोषियों को दंडित करने का संकल्‍प व्‍यक्‍त किया। रूस के सैन्‍य हैलीकॉप्‍टरों ने विद्रोहियों के एक काफिले पर हमला किया था, जो दक्षिणी रोस्‍तोफ-ऑन- डॉन शहर पर कब्‍जा करने के बाद तेजी से मॉस्‍को की तरफ बढ रहा था।

खबर है कि यूक्रेन की सीमा के साथ लगे रोस्‍तोफ-ऑन-डॉन पर वैगनर के लडाकों का कब्‍जा है। राष्‍ट्रपति पुतिन ने आज टेलीविजन पर संबोधन में इस सशस्‍त्र विद्रोह की तुलना एक शताब्‍दी पहले हुए रूस के गृह युद्ध से करते हुए इसे कुचलने का संकल्‍प व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं देश और उसके नागरिकों के साथ विश्‍वासघात है और रूस इस आंतरिक विद्रोह से अपनी रक्षा करेगा। उन्‍होंने कहा कि देश में फिर से गृह युद्ध नहीं होने दिया जाएगा।

इससे पहले, रूस के निजी सैन्‍य गुट वैगनर ने रूस के सैन्‍य नेतृत्‍व को धमकी दी थी। वैगनर प्रमुख प्रिगोजिन ने रूस की सेना पर आरोप लगाया था कि उसने गुट के लड़ाकों पर हमला किया है।

इस बीच, रूस के अधिकारियों ने कई क्षेत्रों में सुरक्षा कडी कर दी है। रूस की एफ.एस.बी. सिक्‍योरिटी सर्विस ने प्रिगोजिन के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करते हुए वैगनर की निजी सैन्‍य कंपनी के बलों से उसके आदेशों की अनदेखी करने और उसे गिरफ्तार करने को कहा है।

Related posts

Leave a Comment