राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी 97वीं (सत्तानवें-वीं) जयन्ती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। दिल्ली में उनके समाधि स्थल सदैव अटल पर पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी। यह दिन सुशासन दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। श्री अटल बिहारी वाजपेयी लोकसभा के लिए दस बार और राज्यसभा के लिए दो बार निर्वाचित हुए थे। वे उत्कृष्ट सांसद रहे जिसके नेतृत्व में लोगों का गहरा भरोसा था। एक सांसद और विशेषकर प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण योगदान किये तथा साहसिक सुधारों और बुनियादी ढांचा विकास से अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का रास्ता प्रशस्त किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर नमन किया है। अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्र के प्रति अटल जी की सेवा हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत रही है। उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत को मजबूत और विकसित बनाने के लिये समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकास के लिये उनके प्रयासों का लाखों भारतीयों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।