राजस्थान में भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए नवनिर्वाचित विधायकों की आज दोपहर बाद बैठक होगी। पार्टी के सभी नवनिर्वाचित विधायकों को बैठक में भाग लेने का निर्देश दिया गया है। पार्टी के प्रदेश महासचिव और विधायक भजनलाल ने बताया कि नवनिर्वाचित विधायकों का पंजीकरण कल दोपहर एक बजे से शुरू होगा। पार्टी अध्यक्ष द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक- केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, विनोद तावडे और सरोज पांडे भी बैठक में उपस्थित होंगे।
भाजपा विधायक दल की बैठक को लेकर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राज्य में तीन दिसम्बर को विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद से नये मुख्यमंत्री के नाम को लेकर लगातार कयास लगाये जा रहे हैं। भाजपा के विधायक दल की बैठक का भी पूरे प्रदेश को बेसब्री से इंतजार था। अब, कल शाम तक नये मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान होने की पूरी संभावना है।
