रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कल रात अमेरिका के छह दिन के दौरे पर रवाना हुए। एक ट्वीट संदेश में राजनाथ सिंह ने कहा कि वे वाशिंगटन डीसी में भारत और अमेरिका के विदेश और रक्षामंत्रियों की टू प्लस टू वार्ता में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। अपने प्रवास के दौरान वे हवाई में अमरीका-हिन्द प्रशांत कमान-इंडोपेकोम मुख्यालय भी जाएंगे।
रक्षामंत्री ने कहा कि विदेशमंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर के साथ उनकी अमेरिका यात्रा से भारत और अमेरिका की कार्यनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने का अवसर मिलेगा।
अमेरिका के विदेश विभाग ने कहा कि वार्ता से दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी और मजबूत होगी। विभाग ने कहा कि विश्व के दो सबसे बडे लोकतांत्रिक देशों के बीच संबंध, साझा मूल्यों और लचीली लोकतांत्रिक संस्थाओं की नींव पर आधारित है।