रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- भारत रक्षा क्षेत्र में 50 हजार करोड़ रुपये का निर्यात लक्ष्य 2028-29 तक हासिल कर लेगा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- भारत रक्षा क्षेत्र में 50 हजार करोड़ रुपये का निर्यात लक्ष्य 2028-29 तक हासिल कर लेगा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत रक्षा क्षेत्र में 50 हजार करोड़ रुपये का निर्यात लक्ष्य 2028-29 तक हासिल कर लेगा। नई दिल्ली में एक निजी मीडिया संगठन द्वारा आयोजित रक्षा शिखर सम्मेलन में उन्‍होंने यह भी कहा कि इसी अवधि में भारत का वार्षिक रक्षा उत्पादन तीन लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की आशा है।

रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में उठाए गए प्रमुख कदमों पर प्रकाश डालते हुए, राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा मंत्रालय ने सेवाओं की पांच सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची अधिसूचित की है। इसमें 500 से अधिक वस्‍तुएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की रक्षा इकाइयों के लिए चार हजार 600 से अधिक वस्तुओं के साथ चार अन्य सूचियां भी अधिसूचित की गई हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सैनिक भारत में बने हथियारों और प्लेटफार्मों का उपयोग करें।

राजनाथ सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि रक्षा क्षेत्र को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने और प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने तथा दीर्घकालिक लाभ के लिए इसमें आमूलचूल परिवर्तन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने के लिए दीर्घकालिक लाभ पर ध्यान केंद्रित कर रही है, न कि अल्पकालिक परिणामों पर। रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में भारत एयरो-इंजन और गैस टरबाइन जैसी उच्च-स्तरीय प्रणालियों का निर्माण करना है।

Related posts

Leave a Comment