संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतेरस ने आज कहा कि योग न सिर्फ शरीर और मस्तिष्क को जोड़ता है बल्कि यह विश्व के करोड़ों लोगों को भी जोड़ता है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि एक संकटपूर्ण और विभाजित विश्व में इस प्राचीन अभ्यास के लाभ विशेषरूप से मूल्यवान हैं।
अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि योग तनाव को दूर करके मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ाने के साथ पृथ्वी के लोगों को जोड़ने में मददगार है। इस जुड़ाव की आज बहुत आवश्यकता है। श्री गुतेरस ने कहा कि यह अनुशासन और धैर्य को विकसित करने में मददगार है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने सभी को एकता की भावना अपनाने तथा एक बेहतर और अधिक सौहार्दपूर्ण विश्व बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
