यमन के हौसी विद्रोहियों ने कल रात जेद्दाह के तेल डिपो पर हमला किया। जेद्दाह में कल से शुरू हो रहे फॉर्मूला वन रेस से पहले यह हमला हुआ। हालांकि सऊदी अधिकारियों ने कहा कि ग्रां-प्री प्रतियोगिता निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।
हमले में उसी तेल डिपो को निशाना बनाया गया जिस पर हौसी विद्रोहियों ने अभी हाल में भी हमला किया था। उत्तरी जेद्दाह संयंत्र डीजल, गैसोलीन और विमान ईंधन का भंडार है। सऊदी अरब की कुल आपूर्ति के एक-चौथाई से भी अधिक की आपूर्ति इस संयंत्र से होती है।
सऊदी अधिकारियों ने बताया कि हौसी विद्रोहियों ने इस तेल डिपो पर मिसाइल दागी। हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं हैं। सउदी अरब के नेतृत्व में गठबंधन सेना यमन में ईरान समर्थित हौसी विद्रोहियो से लड़ रही है। इन विद्रोहियों ने सितंबर 2014 में यमन की राजधानी सना पर कब्जा कर लिया था।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने हमले की निंदा की है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि हमले रोके जाने चाहिए क्योंकि इससे लोगों का जीवन खतरे में पड़ गया है।