मेघालय में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच, एनपीपी प्रमुख कोनराड के. संगमा ने फिर कहा है कि उन्हें 32 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। कोनराड संगमा ने कल राजधानी शिलंग में राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया और सरकार के गठन का दावा पेश किया। कोनराड संगमा के साथ 29 नव-निर्वाचित विधायक थे जिनमें एनपीपी के 26, भारतीय जनता पार्टी के 2 और एक निर्दलीय विधायक शामिल हैं।
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता मुकुल एम. संगमा ने यूडीपी सहित अन्य दलों के साथ बैठक के बाद कहा कि एनपीपी के पास सरकार गठन के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं है। मुकुल संगमा ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य में अन्य दल मिलकर सरकार बनाएंगे।
इस बीच, एचएसपीडीपी अध्यक्ष और सचिव ने कोनराड संगमा को पत्र लिखकर कहा है कि पार्टी ने अपने दो विधायकों को एनपीपी के नेतृत्व में सरकार गठन के लिए समर्थन-पत्र सौंपने के लिए अधिकृत नहीं किया है।