मिजोरम और छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों के लिए अधिसूचना आज जारी होगी

मिजोरम और छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों के लिए अधिसूचना आज जारी होगी

मिज़ोरम और छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों के लिए अधिसूचना आज जारी होगी। छत्‍तीसगढ में विधानसभा चुनाव में दो चरणो में चुनाव संपन्‍न होंगे। एक रिपोर्ट-

पहले चरण के तहत 20 विधानसभा क्षेत्रों में 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इन 20 सीटों में राज्य के आदिवासी बहुल बस्तर संभाग की सभी 12 सीटें भी शामिल हैं। इनमें से अधिकांश सीटें माओवाद की समस्या से प्रभावित हैं। आज इन 20 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव की अधिसूचना जारी हो जाएगी। आज से ही यहां नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख बीस अक्टूबर है। तेईस अक्टूबर तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। राज्य के बाकी 70 विधानसभा क्षेत्र, जहां दूसरे चरण के तहत चुनाव होगा, वहां के लिए अधिसूचना इक्कीस अक्टूबर को जारी होगी। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

मिजोरम में 40 सदस्यीय विधानसभा सीटों के लिए सात नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।

मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में एक ही चरण में मतदान होगा। मध्य प्रदेश में 17, राजस्थान में 25 और तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।

तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि आदर्श चुनाव संहिता के अनुपालन को देखते हुए पिछले चार दिनों में 37 करोड़ से अधिक मूल्‍य की नकदी, सोना और शराब बरामद की गई है। अब तक एक हजार एक सौ 96 मामले दर्ज किए गए हैं।

Related posts

Leave a Comment