महाराष्ट्र में नासिक जिले के सिन्नर-शिरडी राजमार्ग पर आज सुबह एक निजी बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में दस लोगों की मौत और 34 अन्य घायल हो गए हैं। यह भीषण दुर्घटना आज सुबह छह बजे हुई। घायलों को सिन्नर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बस में ठाणे जिले के अम्बरनाथ और उल्लासनगर के पचास यात्री सवार थे। मृतकों में छह महिलाएं, दो पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं। हादसे में 34 लोग घायल हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नासिक-शिरडी राजमार्ग पर हुई दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि की घोषणा भी की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया; “नासिक-शिरडी राजमार्ग पर हुई एक दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जायेंगे: पीएम मोदी”