मणिपुर सरकार ने राज्य में मीडिया कवरेज पर गलत और पक्षपातपूर्ण रिपोर्ट के लिए एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और तीन सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इंफाल में मुख्यमंत्री सचिवालय में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया की तथ्यों को जांचने वाली टीम की कड़ी आलोचना की और कहा कि सीमा गुहा, संजय कपूर और भारत भूषण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया की अध्यक्ष सीमा मुस्तफा को दोषी ठहराया और कहा कि एडिटर्स गिल्ड की तथ्यों की जांच करने वाली समिति के सदस्यों ने मैतेई और कुकी दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से बिना मुलाकात किए गलत निष्कर्ष प्रस्तुत कर दिया।
इस बीच, मणिपुर के पत्रकारों की शीर्ष संस्था – ऑल मणिपुर वर्किंग जर्नालिस्ट यूनियन और एडिटर्स गिल्ड मणिपुर ने भी कल एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर एडिटर्स गिल्ड आफॅ इंडिया की रिपोर्ट की निंदा की और आरोप लगाया कि रिपोर्ट अफवाहों, गलत तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर संकलित की गई है। रिपोर्ट में कहा है कि आकाशवाणी इम्फाल से 3 मई से कुकी बोली के तीन समाचार बुलेटिन रद्द कर दिए गए हैं जबकि यह खबर पूरी तरह से निराधार और गलत है।