भारतीय नौसेना समुद्री डकैती रोकने- एंटी पायरेसी और ड्रोन रोधी गतिविधियों के लिए अरब सागर और अदन की खाड़ी में छह युद्धपोत तैनात करेगी। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरिकुमार ने बताया कि इससे संबंधित प्रस्ताव सरकार के पास भेजा गया है और इसकी जल्दी ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
नौसेना प्रमुख एडमिरल आर.हरिकुमार ने बताया है कि भारतीय नौसेना जीपीएस जैमर्स, सतह से हवा में मार करने वाली प्रक्षेपास्त्र और लैजर उपकरणों सहित ड्रोनरोधी क्षमताओं से लैस है। हाल में अरब सागर में अपहृत पोत एम.वी.लिली नोरफोक में तैनात 15 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई पूरी होने के बाद नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय नौसेना अपने नागरिकों को कहीं से भी निकालने का चुनौतीपूर्ण कार्य करती है। अपहृत पोत भारत का नहीं था, लेकिन चालक दल के सदस्य भारतीय थे और मुसीबत में पडे इन नागरिकों की मदद करना हमारी राष्ट्रीय नीति है। इससे पहले, भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को सोमालिया के तटीय क्षेत्र में अपहृत पोत एम.वी.लिली नोरफोक से 15 भारतीय सहित चालक दल के 21 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया था।