बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को वैसे लोगों को भी टीका लगाने का निर्देश दिया है जिनके पास आधार कार्ड नहीं हैं। उन्होंने राज्य में सभी लोगों का शीघ्र टीकाकरण सुनिश्चित करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने दीपावली और छठ पर्व मनाने के लिए दूसरे राज्यों से बिहार आने वाले सभी लोगों की कोविड जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति, कोरोना जांच एवं वैक्सीनेशन, ब्लैक फंगस, टी०बी० सहित अन्य बीमारियों के संबंध में जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दीपावली एवं छठ महापर्व में देश के अन्य राज्यों में रह रहे बिहार के लोग बड़ी संख्या में यहां आते हैं, उन सबका कोरोना जांच कराने तथा अगर उनका अभी तक टीकाकरण नहीं हुआ है तो उनका टीकाकरण भी अवश्य कराने का निर्देश दिया।