बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में अप्रैल 2016 से शराबबंदी लागू होने के बाद जहरीली शराब की घटनाओं में मरने वाले सभी पीड़ितों के निकट परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। यह राशि उन्हीं परिवारों को मिलेगी जो लिखित रूप में देंगे कि वे राज्य में शराबबंदी का समर्थन करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवारों को संबंधित जिलाधिकारी को ये भी लिखित में देना होगा कि मौत जहरीली शराब पीने से हुई है। उन्हें यह बताना होगा कि शराब कहां से लाई गई थी। परिवार के सदस्यों को यह भी घोषणा करनी होगी कि वे लोगों को शराब छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
इस बीच, पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में 10 और लोगों की मौत के साथ जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है।