बंगाल की खाडी के दक्षिण पूर्व हिस्से में बना चक्रवात ‘मोखा’ 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पिछले छह घंटे में उत्तर दिशा की ओर बढ गया है और इसने भीषण चक्रवात का रूप ले लिया है। यह पोर्ट ब्लेयर के पश्चिम में लगभग 520 किलोमीटर की दूरी पर, बांग्लादेश में कॉक्स बाजार से दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में लगभग 11 सौ किलोमीटर और म्यांमा के सित्तवे से दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में एक हजार 20 किलोमीटर की दूरी पर केंद्रित है।
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 12 घंटे के दौरान चक्रवात के उत्तरी दिशा में बढकर कल सुबह तक बंगाल की खाडी के मध्य में अति भीषण रूप लेने की आशंका है। यह रविवार की दोपहर के आसपास डेढ सौ से 160 किलोमीटर की रफ्तार से अति भीषण चक्रवात के रूप में दक्षिण पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमा के तटों को पार कर सकता है।
चक्रवात के असर से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कल कहीं-कहीं तेज से बहुत तेज वर्षा हो सकती है। त्रिपुरा और मिजोरम में शनिवार को अधिकांश स्थानों पर वर्षा और कहीं-कहीं तेज बारिश का अनुमान है।