फीफा विश्व कप में इस बार अंतिम-8 में पहुंची टीमों में से चार पूर्व विजेता हैं, जबकि चार टीम पहली बार खिताब जीतने की कोशिश करेंगी। ब्राजील, फ्रांस, अर्जेंटीना, इंग्लैंड, पुर्तगाल, नीदरलैंड्स, क्रोएशिया और मोरक्को ने नॉकआउट दौर के पहले चरण में अपने-अपने मैच जीतकर अंतिम-आठ तक का सफर तय किया है। पिछली बार की उपविजेता क्रोएशिया की टीम पहले क्वार्टर-फाइनल में पांच बार की चैंपियन ब्राजील का सामना करेगी। दोनों टीमों ने अब तक कुल 4 मैच खेले हैं जिनमें से तीन मैच ब्राजील के नाम रहे जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। 2006 और 2014 के विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 1-1 मैच खेला गया और दोनों बार ब्राजील विजयी रहा था।
रात साढ़े बारह बजे तीन बार उपविजेता रह चुकी नीदरलैंड्स की टीम, अर्जेंटीना के साथ खेलेगी। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 9 मैच खेले गए हैं, इनमें से 4 बार डच टीम को जीत मिली है, जबकि अर्जेंटीना 3 बार जीतने में सफल रही है।