प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण हुई जन हानि पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट किया: “नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण हुई जन हानि से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारी सभी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी
बिहार में बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास गुवाहाटी-कामाख्या जंक्शन जाने वाली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस की आठ बोगियों के पटरी से उतर जाने से चार लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक घायल हो गए। यह रेलगाड़ी दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से गुवाहाटी के कामाख्या जंक्शन जा रही थी। रेलवे के अनुसार दुर्घटना कल रात 9 बजकर 35 मिनट पर उस समय हुई, जब रेलगाड़ी बक्सर जंक्शन से रवाना हुई। पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी बीरेंद्र कुमार ने बताया कि रेलगाड़ी के पटरी से उतरने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
रेलवे ने मृतकों के निकट परिजनों को 10-10 लाख रुपये अनुग्रह राशि और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता राशि की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी दुर्घटना में मृतकों के निकट आश्रितों के लिए 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार सभी घायलों के इलाज का खर्च वहन करेगी।