प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि वर्ष 2030 तक भारत के ऊर्जा उत्पादन का पचास प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन से होने लगेगा और 2070 तक भारत शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल कर लेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में इलैक्ट्रिक वाहनों की बढती मांग के साथ इस दिशा में एक मौन क्रांति हो रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारों ने इलैक्ट्रिक वाहन क्षेत्र के लिए प्रोत्साहन और सब्सिडी का विस्तार किया है। गांधीनगर में कल सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के भारत में चालीस वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने 13 वर्ष पूर्व सुजुकी के अध्यक्ष के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए कहा कि जब कंपनी ने गुजरात में संयंत्र लगाने में रूचि दिखलाई तो उन्हें विश्वास था कि कंपनी को हर वर्ष यह एहसास होगा कि गुजरात विकास के प्रति कृतसंकल्प है। प्रधानमंत्री ने वाहन क्षेत्र में सुजुकी कंपनी की उपलब्धियों की सराहना की।
मारूति सुजुकी सफलता भारत, जापान की मजबूत पार्टनरशिप का भी प्रतीक है। बीते 8 वर्षों में तो हम दोनों देशों के बीच ये रिश्ते नई ऊंचाईयों तक गए हैं। आज गुजरात, महाराष्ट्र में बुलेट ट्रेन से लेकर उत्तर प्रदेश में बनारस के रुद्राक्ष सेंटर तक विकास की कितनी ही परियोजना है भारत जापान दोस्ती का उदहारण है।
इस बीच सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने भारत में एक नई कंपनी – सुजुकी आर एंड डी सेंटर इंडिया की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस जापानी कंपनी का लक्ष्य न केवल भारत में अनुसंधान और विकास प्रतिस्पर्धा और क्षमता बढाना है, बल्कि वैश्विक बाजारों को भी इसका लाभ पहुंचाना है।